भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स स्थित शासकीय आदिवासी कन्या छात्रावास में रहकर 12वीं की पढ़ाई और जेईई (JEE) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने रविवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई जब उसकी सहेलियां उसका जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर कमरे पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर जब कमरा खोला गया तो छात्रा फंदे पर लटकी मिली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें छात्रा ने आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए अपने माता-पिता से माफी मांगी है।
मृतक छात्रा की पहचान अलीराजपुर जिले की रहने वाली दर्शन मिनामा (17) के रूप में हुई है। वह अनंत हायर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी और एसेंट करियर प्वाइंट से जेईई की तैयारी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, वह सितंबर 2025 से छात्रावास में रह रही थी। रविवार शाम करीब 5:30 बजे कोचिंग से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई थी।
यह भी पढ़ें:जापान के कुमामोटो में 6.8 तीव्रता का भूकंप, 48 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल, सुनामी की चेतावनी
पुलिस जांच के मुताबिक, छात्रा की रूममेट मनीषा नरगावा पिछले करीब 20 दिनों से अपने गांव छुट्टी पर गई हुई थी। जिसके कारण दर्शन कमरे में अकेली रह रही थी। शाम करीब 6 बजे छात्रावास की अन्य छात्राएं उसका जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर पहुंची। कई मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सेंट्रल लॉक खुलने पर छात्राएं कमरे के अंदर पहुंची। वहां दर्शन का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास की वार्डन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और फोटोग्राफर मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने छात्रा के मानसिक तनाव या डिप्रेशन में होने की आशंका जताई है। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मौजूदगी में मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें:CG: डोंगरगढ़ भाजपा में बड़ी बगावत, पार्टी के 111 कार्यकर्ताओं ने एक साथ दिया इस्तीफा
इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसी छात्रावास में करीब 10 महीने पहले भी 17 वर्षीय छात्रा वंदना मरकाम ने आत्महत्या कर ली थी। बालाघाट निवासी वंदना भी 12वीं की छात्रा थी और एमपी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उस मामले में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। जिसकी वजह से आत्महत्या के कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सके थे। शुरुआती जांच में सामने आया था कि दीपावली के बाद 26 अक्टूबर 2025 को वह अपने गृह जिले से छात्रावास लौटी थी और पेट में संक्रमण की शिकायत बताकर उस दिन कोचिंग नहीं गई थी। बाद में उसकी रूम पार्टनर और अन्य छात्राओं ने कमरे में उसका शव देखा था।
लगातार दूसरी बार उसी छात्रावास में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने छात्रावास की व्यवस्थाओं, छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जडेजा की हुई वापसी, MP के सारांश को भी मिला मौका