खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के बड़वाह क्षेत्र में एक दर्दनाक हो गई। यहां पुणे निवासी दंपत्ति की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को कोठावा आश्रम के पास एक महिला का शव मिला था। दो दिन बाद सोमवार को शव की पहचान 46 वर्षीय सुनंदा मैडम के रूप में हुई। वहीं, उनके पति प्रवीण मैडम का शव रविवार को ओंकारेश्वर के गोमुख घाट के पास पत्थरों के बीच फंसा मिला था।

पुलिस के अनुसार, दंपत्ति 6 नवंबर को पुणे से ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए थे। सुनंदा नर्मदा परिक्रमा पर जाना चाहती थीं और उनके पति प्रवीण उन्हें छोड़ने आए थे। 7 नवंबर को दोनों ओंकारेश्वर पहुंचे जिसके बाद से उनका फोन बंद आने लगा। परिवारजन लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:इंदौर में कर्ज से परेशान किसान ने खाया जहर, फोन पर धमकी देते थे कर्जदार

जांच में पुलिस को अंदेशा है कि अलसुबह अंधेरे में गोमुख घाट पर स्नान के दौरान हादसा हुआ होगा। प्रवीण के शव पर केवल अंतर्वस्त्र मिले जिससे आशंका है कि दोनों नदी में नहाते समय तेज धारा में बह गए होंगे। संभव है कि एक दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों की जान चली गई हो। हादसे के बाद सुनंदा का शव बहकर कोठावा आश्रम के पास पहुंच गया जबकि प्रवीण का शव ओंकारेश्वर के पत्थरों के बीच फंस गया था जिसे रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला।

बड़वाह पुलिस ने महिला के शव की तस्वीरें आसपास के थानों को भेजीं जिसके बाद सोमवार को सुनंदा के भाई उमेश वग्गा ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने पहले अपने जीजा प्रवीण के शव की पहचान की और फिर बड़वाह पुलिस से मिली तस्वीर के आधार पर अपनी बहन सुनंदा की भी शिनाख्त की। वर्तमान में मान्धाता और बड़वाह दोनों पुलिस थाने मिलकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से मिला 300 किलो RDX, आतंकी कनेक्शन की जांच में जुटी एजेंसियां

उमेश ने बताया कि सुनंदा और प्रवीण पुणे में एक कॉस्मेटिक शॉप चलाते थे जहां वे भी काम करते हैं। सुनंदा महाराष्ट्र के एक ग्रुप के साथ नर्मदा परिक्रमा पर जाने वाली थीं। ग्रुप के सदस्यों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की और फोन बंद पाया तो वे आगे बढ़ गए। दूसर तरफ उमेश को भी जब दो दिन से उनकी खबर नहीं मिली तो उन्हें आशंका हुई। उन्होंने बताया कि रविवार रात एक मीडिया चैनल पर कोठावा आश्रम के पास मिले महिला के शव की खबर देखकर उन्हें शक हुआ कि यह उनकी बहन हो सकती है। इसके बाद वे तुरंत ओंकारेश्वर पहुंचे और वहां शव देखकर उनकी पहचान पक्की की।

यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में स्कॉलरशिप घोटाला, SC-ST वर्ग के छात्रों की स्कॉलरशिप लूट रहे दलाल

दंपत्ति की 19 वर्षीय बेटी वर्तमान में महाराष्ट्र के खराड़ में कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। परिवार ने बताया कि उसे अभी तक इस हादसे की जानकारी नहीं दी गई है क्योंकि वे नहीं चाहते कि अचानक यह खबर सुनकर उसे सदमा लगे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला डूबने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।