श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट चीता को एक और बड़ी सफलता मिली है। बोत्सवाना से लाई गई ढाई साल की मादा चीता KOMG 3 ने शुक्रवार को चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इन नए मेहमानों के आने से भारत में चीतों की कुल आबादी बढ़कर 62 हो गई है। यह उपलब्धि देश में चीता पुनर्वास कार्यक्रम की सफलता और कूनो में बढ़ते चीतों के कुनबे को दर्शाती है।
KOMG 3 को प्रोजेक्ट चीता के तहत बोत्सवाना से भारत लाया गया था। वन विभाग के अनुसार, जन्मे चारों शावक स्वस्थ हैं। कूनो में लगातार हो रहे शावकों के जन्म से भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने की मुहिम को मजबूती मिल रही है।
यह भी पढ़ें:ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात अकवान ने दी दस्तक, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लगातार सफल हो रहा है। यह मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में जुटे वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और वनकर्मियों को बधाई भी दी।
भारत में चीतों को फिर से बसाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 17 सितंबर 2022 को प्रोजेक्ट चीता शुरू किया गया था। इस दौरान नामीबिया से 8 चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया था। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और फरवरी 2026 में बोत्सवाना से 9 चीते भारत लाए गए थे। करीब चार साल से जारी इस परियोजना के तहत कूनो में चीतों की संख्या लगातार बढ़ी है। नए शावकों के जन्म के साथ देश में चीतों की कुल संख्या 62 पहुंच गई है। इनमें भारत में जन्मे चीतों की संख्या 43 हो गई है।
यह भी पढ़ें:महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने जीत के साथ की शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से हराया