ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात अकवान ने दी दस्तक, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
चक्रवात अकवान ने ओडिशा तट पर दस्तक दी है। तीन लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए। ओडिशा, बंगाल और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट है।
चक्रवाती तूफान अकवान ने शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच गोपालपुर तट पर दस्तक दी। सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच शुरू हुई लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है और इसके अगले दो घंटे तक चलने की संभावना है। इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। तूफान के प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, इसका असर देश के 10 राज्यों में देखने को मिल सकता है।
चक्रवात को देखते हुए ओडिशा में बड़े स्तर पर एहतियाती इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित लोगों के रहने के लिए 2,523 राहत शिविर तैयार किए गए हैं। जबकि, बचाव और राहत कार्यों के लिए 423 टीमें तैनात की गई हैं।
ओडिशा के कंधमाल जिले के दरिंगबाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन की आशंका के चलते बचाव अभियान चलाया गया। पहाड़ी इलाकों में खतरा बढ़ने की सूचना पर दरिंगबाड़ी फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ऊपर किलाबाड़ी और ताला किलाबाड़ी गांव पहुंची। यहां से 90 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को दरिंगबाड़ी के सियांगबली हाई स्कूल में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर में रखा गया है। फिलहाल सभी के सुरक्षित होने की जानकारी है।
चक्रवात के कारण रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ है। पूर्वी रेलवे ने 41 ट्रेनें रद्द की हैं। जबकि, दक्षिण पूर्व रेलवे की 28 एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त की गई हैं। इसके अलावा 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भी दिखाई दे रहा है। जिले के अलग अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो रही है। सुंदरबन के तटीय क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। समुद्र और नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है। वहीं, बक्खाली और गंगासागर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पर्यटक समुद्र में नहाने के लिए पानी में न उतरें।
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम तट पर फिलहाल चक्रवात का सीधा खतरा टल गया है। हालांकि, यहां 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मौसम विभाग ने उत्तरी आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को आंधी और बारिश की आशंका जताई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात पिछले छह घंटों में करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर और उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। इसके प्रभाव को देखते हुए तटीय राज्यों में राहत और बचाव एजेंसियों को सतर्क रखा गया है।




