सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां सागर दमोह मार्ग पर चना टोरिया टोल प्लाजा के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। इस भीषण हादसे में गढ़ाकोटा निवासी चिकित्सक डॉ. नीलेश पटेल की पत्नी सीमा पटेल (38) की कार के भीतर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। जबकि, डॉक्टर समेत अन्य सवार समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. नीलेश अपनी पत्नी को इलाज के लिए सागर लेकर जा रहे थे। रास्ते में चना टोरिया के पास अचानक कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। किसी तरह डॉक्टर और दो अन्य लोग बाहर निकल गए लेकिन सीमा कार के अंदर ही फंस गई। बताया जा रहा है कि कार का दरवाजा जाम हो गया था जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी थी।
यह भी पढ़ें:MP: सतना में दूषित खाना खाने से 6 लोग बीमार, भोजन में निकली छिपकली
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और महिला को बचाने की कोशिश भी की लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि कोई कार के पास नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सीमा की मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट, टक्कर या सीएनजी किट से जुड़े कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदेहास्पद मानते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
यह भी पढ़ें:ईद पर देशभर में जश्न का माहौल, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के भाई लोकेश पटेल ने घटना पर संदेह जताया। उनका आरोप है कि यदि यह सड़क दुर्घटना होती तो मौके पर उसके स्पष्ट निशान मिलते। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बहन को पहले बेहोश किया गया या हत्या के बाद कार में ले जाया गया था। लोकेश के अनुसार, घटना से पहले डॉ. नीलेश ने उन्हें फोन कर बताया था कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में एक्सीडेंट और फिर कार में आग लगने की जानकारी दी गई।
परिजनों का यह भी कहना है कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे जिससे मामले में शक और गहरा गया है। दूसरी ओर सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि महिला की मौत जलने से हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश, मार्च में बदले मौसम के पैटर्न से वैज्ञानिक चिंतित