MP: सतना में दूषित खाना खाने से 6 लोग बीमार, भोजन में निकली छिपकली

सतना में शुक्रवार सुबह छिपकली वाली सब्जी खाने से एक ही परिवार के 6 लोगों की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Updated: Mar 21, 2026, 12:57 PM IST

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र के खारी गांव से शुक्रवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां सब्जी में छिपकली गिरने के बाद उसे खाने से एक ही परिवार के 6 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे परिवार के सदस्यों ने घर में बनी सब्जी और रोटी का सेवन किया था। भोजन के दौरान ही यह आशंका जताई गई कि सब्जी में छिपकली गिर गई थी लेकिन तब तक सभी लोग खाना खा चुके थे। इसके कुछ ही समय बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी और एक-एक कर सभी को परेशानी महसूस होने लगी।

यह भी पढ़ें:ईद पर देशभर में जश्न का माहौल, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं

बीमार होने वालों में संध्या रजक, सुमित्रा रजक, अमित रजक, अंकिता रजक सहित दो अन्य लोग शामिल हैं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत सभी को रामपुर बाघेलान अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए सभी मरीजों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में कमलेश रजक ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों ने सामान्य रूप से खाना खाया था लेकिन खाने के दौरान ही छिपकली गिरने की बात सामने आई। इसके बाद थोड़ी ही देर में सभी की तबीयत खराब होने लगी।

यह भी पढ़ें:दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश, मार्च में बदले मौसम के पैटर्न से वैज्ञानिक चिंतित

फिलहाल जिला अस्पताल में सभी का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग भोजन बनाते समय अधिक सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।