उज्जैन। कोरोना काल के बाद से देशभर में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्व्स्थ लोग भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। हार्ट अटैक से होने वाली मौतों में एक कॉमन तथ्य ये है कि व्यक्ति को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। इस समस्या को देखते हुए उज्जैन के कुछ छात्रों ने एक ऐसी डिवाइस बनाई है जो हार्ट अटैक आने पर परिचितों को अलर्ट मैसेज भेज सकेगा।
उज्जैन के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के 5 छात्रों ने यह हाईटेक डिवाइस तैयार किया है, जो सभी के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इस डिवाइस की मदद से कई लोगों को समय पर मदद पहुंचाई जा सकती है। उज्जैन के इंजीनियरिंग कॉलेज के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन ब्रांच के फोर्थ ईयर के छात्र मोहित कुमार, हर्ष श्रीवास्तव, राहुल सिंह रावत, ओम कृष्ण कुमार जायसवाल और विशाल रघुवंशी ने प्रोफेसर वाय.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में केवल तीन माह में डिवाइस विकसित किया है।
यह भी पढे़ं: जबलपुर में बगैर अनुमति चल रहा अस्पताल सील, BAMS डॉक्टर कर रहा था एलोपैथिक इलाज
डिवाइस बनाने के लिए इन्स्पायर करने वाले प्रोफेसर वाय.एस. ठाकुर ने बताया कि यह डिवाइस भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, खासकर उज्जैन के सिंहस्थ जैसे आयोजनों में बेहद कारगर साबित होगा। उज्जैन में कुंभ गर्मी के मौसम में होने वाला है, ऐसे में अगर किसी व्यक्ति को गर्मी के कारण या अन्य आपातकालीन स्थिति में मदद की जरूरत हो, तो वह डिवाइस के जरिए अपनी लोकेशन के साथ मदद मांग सकेगा।
डिवाइस से व्यक्ति की लोकेशन भी तुरंत ट्रैक की जा सकेगी। अभी यह डिवाइस प्रोटोटाइप है, इसलिए इसका आकार बड़ा है। आगे चलकर इसे मोबाइल ऐप या स्मार्ट वॉच के रूप में विकसित किया जा सकेगा। अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर 78 से ऊपर या 60 से नीचे जाता है, तो उसी समय मदद के लिए लाइव वीडियो फीड भी सक्रिय हो जाएगी। इसे साइबर सेल से भी जोड़ा जा सकता है।
डिवाइस बनाने वाले हर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि आजकल न्यूजपेपर में ऐसी खबरें पढ़कर हमारे मन में यह विचार आया कि कुछ ऐसा डिवाइस बनाया जाए, जो हार्ट अटैक जैसी इमरजेंसी में मददगार साबित हो सके। कई बार सुनसान रास्तों में घटनाएं हो जाती हैं और समय पर मदद नहीं मिलने के कारण जान चली जाती है। हमें लगा कि कुछ ऐसा बनाना चाहिए, जिससे रिस्पॉन्स टाइम कम हो और जरूरतमंद को तत्काल मदद मिल सके। यह डिवाइस उन लोगों के लिए उपयोगी है जो अकेले रहते हैं। अगर उनके साथ कोई घटना हो तो तत्काल अलर्ट भेजा जा सके।