अमरकंटक| मध्य प्रदेश के अमरकंटक स्थित पवित्र रामघाट पर गुरु पूर्णिमा के दिन स्नान करते समय 22 वर्षीय भजन गायक राज भदौरिया की डूबने से मौत हो गई। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे राज अपने बड़े भाई अर्जुन भदौरिया और जीजा के साथ घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान करते वक्त वह नदी के बीच बने फव्वारे तक चले गए, जहां उनका पैर फव्वारे की रेलिंग में फंस गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में वाटर बोट की मदद से रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भिंड जिले के बालनपुर गांव के निवासी राज अमरकंटक के एक आश्रम में रहकर भजन-कीर्तन और अध्ययन कर रहे थे। वे आश्रम के शिष्य थे और आध्यात्मिक जीवन के प्रति समर्पित थे। उनका व्यवहार बेहद सौम्य और धार्मिक था। उनके अचानक चले जाने से आश्रम सहित स्थानीय समुदाय में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

राज सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते थे। हादसे से ठीक एक दिन पहले उन्होंने रामघाट पर बैठकर एक भावुक रील अपलोड की थी, जिसमें वे “अकेले हैं चले आओ, जहां हो तुम” गा रहे थे। उनके साथ ढोलक की संगत भी थी। अब यह वीडियो उनके चाहने वालों के लिए एक अंतिम याद बन गया है, जिसने उनके असमय निधन को और भी भावुक बना दिया है।