टीकमगढ़। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती के परिवार को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम 21 और 22 फरवरी की रात से जुड़ा है। उमिता लोधी ने 21 फरवरी को फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नाम की आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट किया गया था। कमेंट में उमिता लोधी, उनके पति पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई थी। आरोप है कि कमेंट में 30 दिन बाद हाइड्रोजन बम फोड़ने जैसी बात भी लिखी गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उमिता लोधी ने तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सेव कर लिया।
यह भी पढ़ें:अंडमान के समुद्र में हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग, सभी सात यात्रियों को बचाया गया
धमकी यहीं नहीं रुकी। कमेंट के लगभग आधे घंटे बाद रात करीब 11 बजे दो अज्ञात युवक देहात थाना क्षेत्र स्थित उनके बंगले पर पहुंच गए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उमिता लोधी के अनुसार, जब वह घर के छज्जे पर पहुंचीं और नीचे देखा तो दोनों युवकों ने उन्हें देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दोहराई। आरोप है कि उनमें से एक युवक खुद को वही व्यक्ति बता रहा था जिसने फेसबुक पर कमेंट किया था।
उमिता लोधी द्वारा शोर मचाने पर पड़ोसी अमर सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों नकाबपोश युवक वहां से फरार हो चुके थे। चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना की जानकारी तत्काल उनके पति राहुल सिंह लोधी को दी गई। अगले दिन 23 फरवरी को देहात थाने में पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में ठगों ने कलेक्टर बनकर किया स्कैम, फर्नीचर बेचने के नाम पर पार्षद के पति से ऐंठे 75 हजार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, बंगले और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही साइबर सेल की टीम उस फेसबुक आईडी की तकनीकी जांच में जुटी है जिससे धमकी दी गई थी। पुलिस का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण जांच को प्राथमिकता दी जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।