भोपाल। राजधानी में लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद से ही हालात बद से बदतर हो गए हैं। भोपाल में एक बार फिर से वही भीड़ भाड़ देखने को मिल रही है।सोशल डिस्टेंसिंग तो मानो जैसे दूर की कोड़ी सिद्ध होती दिख रही है। लोग धड़ल्ले से नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। लिहाज़ा जिला अधिकारी ने भोपाल में कोरोना के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना वसूलने की ठान ली है।  

दरअसल जिलाधिकारी अविनाश लवानिया ने बुधवार दोपहर को आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब से कोई भी व्यक्ति अगर कोरोना के किसी भी नियमों का उललंघन करते हुए पाया गया तो उसे इसका हर्ज़ाना भरने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर स्पॉट फाइन लगाने के आदेश दिए हैं।  

किसको कितना देना होगा जुर्माना ?  
अगर कोई व्यक्ति बगैर फेस मास्क या कवर के पाया जाता है तो उसके ऊपर 500 रुपए का स्पॉट फाइन लगेगा। इसके साथ ही इतनी ही राशि सामाजिक दूरी का पालन न करने वाले व्यक्ति को भी चुकानी पाएगी।  

अगर कोई वयक्ति सार्वजनिक स्थानों पर थूकता पाया जाता है तो उसे तत्काल 1 हज़ार रुपए अपनी जेब से भरने होंगे। होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति से 2 हज़ार रुपए का जुर्माना लिया जाएगा। अगर कोई संस्था अपने कार्यस्थल पर नियमों का उल्लंघन करती है तो संस्था पर पांच हज़ार का जुर्माना लगाया जाएगा।