रीवा। मध्य प्रदेश बीजेपी के विधायकों की जुबान इन दिनों आउट ऑफ कंट्रोल है। रामेश्वर शर्मा के घुटने तोड़ने वाले बयान के बाद अब सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी की बदजुबानी सामने आई है। केपी त्रिपाठी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा है कि कांग्रेस नेताओं को जमीन में भी गाड़ दूंगा। उन्होंने यह भी कहा है कि वे कांग्रेसियों के गुर्दे खराब करने की योजना बना रहे हैं।



दरअसल, शुक्रवार को बीजेपी विधायक केपी त्रिपाठी रीवा जिले के चचाई में नलजल योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में बतौर चीफ गेस्ट पहुंचे थे। इस दौरान वे लोगों को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार की उपलब्धियों का बखान करने लगे। तभी ग्रामीणों ने घरेलू गैस सिलेंडर का भाव पूछ दी। ग्रामीणों के कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम क्या हैं? लगे हाथ ये भी बता दीजिए। इस सवाल पर सत्तारूढ़ दल के विधायक तमतमा गए। 





इसके बाद बीजेपी विधायक ने सवाल पूछने वालों को कांग्रेसी करार देते हुए अनर्गल बातें कहनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि, 'विकास की गाड़ी पटरी पर दौड़ रही है। लेकिन कांग्रेसियों के पेट में दर्द होता है। हम ऐसी योजना बनाने जा रहे हैं जिससे उनके हार्ट, किडनी और लीवर सब फेल हो जाएंगे। उनके चक्कर में नहीं पड़ना है।'



यह भी पढ़ें: जिसमें ताकत हो मेरे घुटने तोड़े, घर में घुसकर रामधुन करूंगा, दिग्विजय सिंह ने BJP MLA को दी खुली चुनौती



केपी त्रिपाठी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमे वह यह कहते हुए देखे जाते हैं कि, 'जो भी लोग सेमरिया को बदनाम करेंगे वह कहीं से भी चुनाव लड़ लें उन्हें हम लोग जीतने नहीं देंगे। चाहे वह सेमरिया से लड़े या रीवा शहर से लड़ें या पूरे विंध्य क्षेत्र की किसी भी सीट से लड़ लें। जहां जाओगे, जमीन के नीचे गाड़ दिया जाएगा।' केपी त्रिपाठी के इन बयानों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



बता दें कि राजधानी भोपाल से लगे हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी इसी हफ्ते हिंसक बयान दिया था। शर्मा ने कहा था कि कांग्रेस के लोग यदि आएंगे तो उनके घुटने तोड़ देना। शर्मा के इस बयान की चौतरफा आलोचना हुई और दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उन्हें चुनौती दी है की घुटना तोड़ के दिखाएं। सिंह ने कहा है कि इस महीने 24 तारीख को वे शर्मा के घर जाकर एक घंटे रामधुन करेंगे ताकि उन्हें सद्बुद्धि मिले।