ग्वालियर में पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को हत्या के प्रयास के मामले में अदालत ने जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41 दिन बाद मंगलवार को उसने ग्वालियर की ADJ कपिल सोनी की अदालत में सरेंडर किया था। सुनवाई के दौरान दिनेश ने खुद को निर्दोष बताते हुए पहली गलती होने की दलील दी और माफी मांगी लेकिन न्यायाधीश ने लगातार पेशियों से गैरहाजिर रहने पर नाराजगी जताई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे उसे जेल भेज दिया गया।
दिनेश मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अदालत पहुंचा था। उसने न्यायालय से राहत मांगते हुए कहा था कि यह उसका पहला मामला है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। हालांकि, अदालत ने उसकी दलील पर राहत देने के बजाय उसकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया। न्यायाधीश ने फटकार लगाते हुए कहा कि वह न तो न्यायालय का सम्मान करता है और न ही निर्धारित तारीखों पर पेश होता है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में कोविड योद्धाओं का आंदोलन तेज, अब जिलों में CMHO कार्यालयों पर करेंगे प्रदर्शन
दिनेश लोधी के खिलाफ हत्या के प्रयास का यह मामला 31 दिसंबर 2023 का है। आरोप है कि उसने रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़े स्कूटर को अपनी कार से जोरदार टक्कर मारी थी। इस घटना के बाद उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान दिनेश लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके चलते 7 अक्टूबर को संबंधित अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद उसने अदालत में आत्मसमर्पण किया था।
इस मामले में यह बात भी सामने आई कि दिनेश 21 सितंबर को ग्वालियर कोर्ट परिसर की दूसरी अदालत में एक अन्य आपराधिक मामले की सुनवाई के लिए पहुंचा था। वहां उसने जमानत भी हासिल कर ली थी लेकिन हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में वह पेश नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिरी के बाद जारी गिरफ्तारी वारंट के चलते आखिरकार उसे संबंधित अदालत में सरेंडर करना पड़ा। अदालत ने उसकी माफी की अपील स्वीकार नहीं की और न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए।
यह भी पढ़ें:MP में 2 बच्चों वाला नियम समाप्त, तीसरी संतान होने पर नहीं जाएगी सरकारी नौकरी