कोरोना महामारी के दौरान करीब दो साल तक सेवाएं देने के बाद नौकरी से हटाए गए मध्यप्रदेश के कोविड योद्धाओं ने फिर से बहाली की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को प्रदेशभर से आए सैकड़ों आयुष डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन किया। अब आंदोलनकारी अपनी मांगों को जिला स्तर तक ले जाने की तैयारी में हैं। वे जिलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

कोविड योद्धाओं का कहना है कि वे 5 अक्टूबर से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला, अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने महामारी के दौरान काम करने वाले अस्थायी स्वास्थ्य कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने और उनके रोजगार की सुरक्षा के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग उठाई। संघ के मुताबिक, सरकार की ओर से इस मामले पर विचार कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया गया है।

यह भी पढ़ें:MP में 2 बच्चों वाला नियम समाप्त, तीसरी संतान होने पर नहीं जाएगी सरकारी नौकरी

संघ के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने 11 नवंबर को सभी जिलों के CMHO को पत्र भेजकर तीन दिन के भीतर कोविड कर्मचारियों से संबंधित जानकारी मांगी थी। हालांकि, कई जिलों से अब तक यह जानकारी भोपाल नहीं भेजी गई है। इसी देरी के विरोध में अब कर्मचारी जिला मुख्यालयों पर CMHO कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांग है कि लंबित जानकारी जल्द भोपाल भेजी जाए, ताकि बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

प्रदेश संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने बताया कि आंदोलन में महिला कर्मचारी भी अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंच रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने नीलम पार्क में ही सामूहिक रूप से भोजन बनाने और एक साथ रहकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। आंदोलन के दौरान कोविड योद्धाओं ने 31 यूनिट रक्तदान भी किया।

डॉ. असाटी के मुताबिक, महामारी के कठिन दौर में कर्मचारियों ने करीब दो साल तक स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बावजूद बाद में हजारों कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया। अब उनके सामने रोजगार छिनने के साथ परिवार का खर्च चलाने का संकट भी खड़ा हो गया है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार की ओर से बहाली को लेकर लिखित आश्वासन और ठोस नीति नहीं बनाई जाती तब तक नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:चक्रवात अकवान से बदलेगा MP का मौसम, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश में आंधी और बारिश की चेतावनी