मध्‍य प्रदेश। राज्य में इस बार सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है। कई इलाकों में तो बारिश 40% फीसदी तक कम हुई है।अब पुन: वर्षा का क्रम शुरू हो इसके लिए ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भादौ मास के पहले सोमवार को महारुद्राभिषेक अनुष्ठान किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। महाकाल की महापूजा कर भगवान से उत्तम वृष्टि की प्रार्थना करने के बाद वे महारुद्राभिषेक के कार्यक्रम को शुरू करेंगे।

सोमवार सुबह महाकाल मंदिर के पं.घनश्याम पुजारी ने मुख्यमंत्री शिवराज से भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक पूजन कर अनुष्ठान करवाया। इसके बाद महारुद्राभिषेक के कार्यक्रम शुरू किया जिसमें लगातार जलधार प्रवाहित की जाएगी। 66 ब्राह्मण नंदी हॉल में बैठकर महारुद्राभिषेक के 102 आवर्तन करेंगे। दोपहर 12.30 बजे अनुष्ठान की पूर्णाहुति की जाएगी।

वहीं मौसम विभाग ने 7 सितंबर से बारिश का सिलसिला शुरू होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के रीवा, जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम संभागों के जिलों के साथ- साथ  बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, देवास जिलों में कहीं कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।

दूसरी तरफ बारिश नहीं होने की वजह से किसान काफी चिंतित है। मध्य प्रदेश में किसानों को लगभग 20% आर्थिक हानि हो चुकी है। सबसे ज्यादा नुकसान सोयाबीन और धन की फसल को हो रहा है। अभी बारिश नहीं हुई तो खरीफ की फसलों के बाद इसका असर रवि की फसल पर भी होगा।