भोपाल। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला का नकाब खींचने की घटना को लेकर विवादों में हैं। नीतीश कुमार के इस असहज करने वाले आचरण की चौतरफा आलोचना हो रही है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी सीएम नीतीश का विरोध देखने को मिला। मंगलवार को यहां NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा उनका पुतला फूंका गया।

NSUI के प्रदेश महासचिव सैयद अल्तमस ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति लगातार अपमानजनक और अशोभनीय व्यवहार किए जा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार शासकीय आयोजन में सार्वजनिक मंच पर एक महिला के वस्त्र खींचने जैसा शर्मनाक आचरण करते हैं। 

अल्तमस ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह पहले भारतीय सेना की महिला अधिकारी को लेकर और फिर लाड़ली बहनों को लेकर अपमानजनक बयान देते हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ी बेशर्मी के साथ कहा कि जो लड़कियां छोटे कपड़े पहनती हैं वे चरित्रहीन होती हैं। इसी को लेकर हमने आज भाजपा और एनडीए नेताओं की महिला-विरोधी मानसिकता का पुतला दहन किया।

पुतला दहन के दौरान NSUI जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि NDA गठबंधन के नेताओं की भाषा और सोच महिला विरोधी है। कभी सेना की महिला अधिकारी तो कभी लाड़ली बहनें, भाजपा ने हर स्तर पर महिलाओं का अपमान किया है। सत्ता के संरक्षण में ऐसे बयान देने वालों पर कार्रवाई नहीं होना भाजपा की असली मानसिकता को उजागर करता है। NSUI महिलाओं के सम्मान के लिए हर मंच पर संघर्ष करेगा।

वहीं जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया और लक्की चौबे ने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान देश की आधी आबादी का अपमान हैं। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को भाजपा संरक्षण दे रही है। NSUI भोपाल सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच पर ऐसे बयानों का विरोध करेगी और दोषियों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।