भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ घोटाला-शीट जारी किया है। इसमें कांग्रेस ने सरकार पर भ्रष्टाचार और वादे पूरे करने में विफलता के कई गंभीर आरोप लगाए। भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय में आरोप पत्र जारी करते हुए प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि शिवराज अब ठगराज हो गए। उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश की पहचान प्रचार, भ्रष्टाचार और अत्याचार से है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, 'शिवराज सिंह चौहान जब लोकसभा के सदस्य थे तो मैं संसद में उन्हें बहुत प्यार से शिवराज कहकर पुकारता था। लेकिन आज वे ठगराज बन गए हैं। उन्होंने सबको ठगा है किसानों को ठगा, मजदूरों को ठगा, युवाओं को ठगा, बेरोजगारों को ठगा, शासकीय कर्मचारियों को ठगा है। इन्होंने गौमाता तक को नहीं छोड़ा, भगवान महाकाल को नहीं छोड़ा। प्रदेश का हर व्यक्ति आज या तो भ्रष्टाचार का शिकार है, या भ्रष्टाचार का गवाह है।'
कमलनाथ ने आगे कहा, 'मैं मध्य प्रदेश की पहचान बदलना चाहता था। प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार, मिलावट और माफिया से नहीं होना चाहिए। आज निवेश मध्य प्रदेश में क्यों नहीं आता? निवेश को डिमांड नहीं आकर्षित करना पड़ता है। हमारे प्रदेश पर सबसे भ्रष्ट प्रदेश होने का लेबल लगा है, तो क्या इससे निवेश आएंगे। मुझे बड़े बड़े कंपनियों के सीईओ ने कहा कि माफ कीजिए आपके यहां तो कदम-कदम पर भ्रष्टाचार है।'
कांग्रेस ने इस घोटाला शीट को शिवराज सरकार में हुए घोटाले की पोल खोलने वाला अभियान बताया है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा, 'वह दिन दूर नहीं जब आप गूगल पर घोटाला सर्च करोगे और शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी। कांग्रेस पार्टी आज शिवराज सिंह चौहान के 18 साल के प्रमुख घोटालों की घोटाला-शीट जारी कर रही है। शिवराज सरकार के घोटाले की पोल खोलने वाले अभियान से जुड़ने के लिए 9593-420-420 पर मिस्ड कॉल करें।'
कांग्रेस के इस घोटाला-शीट में 254 घोटालों का जिक्र किया गया है। इनमें 15 हजार करोड रुपए का पोषण आहार घोटाला, 12 हजार करोड रुपए का मिड-डे मील घोटाला, 9500 करोड रुपए का आंगनबाड़ी नल जल घोटाला, 600 करोड रुपए का गणवेश घोटाला, 2 हजार करोड रुपए का सर्व शिक्षा अभियान घोटाला, 2000 करोड रुपए का व्यापम महा घोटाला, 2000 करोड रुपए का नर्सिंग घोटाला, 3000 करोड़ रुपए का कौशल घोटाला, 2500 करोड़ रुपए का पैरामेडिकल छात्रवृत्ति घोटाला, 94000 करोड़ का बिजली घोटाला, 10 हजार करोड़ का जल जीवन मिशन घोटाला और 50 हजार करोड रुपए का चेक पोस्ट घोटाला शामिल है। जानकारी के मुताबिक जल्द ही कांग्रेस पार्टी एक विस्तृत आरोप पत्र भी जारी करेगी।