भोपाल। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ आज राजधानी भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस विशाल 'किसान महाचौपाल' आयोजित की कर रही है। इस चौपाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत तमाम दिग्गज शामिल होंगे। 

मंगलवार दोपहर दो बजे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे किसान चौपाल में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले पुलिस द्वारा किसानों को रोकने का मामला सामने आया है। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस किसानों को सभास्थल पर पहुंचने नहीं दे रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पूछा कि इस ट्रेड डील में अच्छा क्या है? उन्होंने कहा, 'हमसे कहा जा रहा कि अमेरिका से तीन गुना आयात करो। अमेरिकी सरकार कुछ भी ऐलान करती है और हमें सहमत होना पड़ता हैं। 56 इंच वाले विश्वगुरु देश के हितों को अमेरिका के हाथों बेच रहे हैं।'

एमपी कांग्रेस कमेटी ने X पर दिग्विजय सिंह का वीडियो पोस्ट करते हुए उनकी तरफ से लिखा, 'हम आभारी हैं आदरणीय Mallikarjun Kharge जी और आदरणीय Rahul Gandhi जी के, कि उन्होंने किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध इस महत्वपूर्ण लड़ाई के लिए मध्यप्रदेश की धरती को चुना। यह प्रदेश की जनता और अन्नदाताओं के संघर्ष का सम्मान है।'

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इस डील की तुलना 'ट्रंप की तलवार' से करते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के आगे सरेंडर कर दिया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि इस समझौते से कपास, सोयाबीन और सरसों के दाम गिर रहे हैं, जो किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर रहा है।