भोपाल। कृषि कानूनों के खिलाफ मध्यप्रदेश कांग्रेस आज राजभवन का घेराव करने जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के साथ साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस प्रदर्शन का नेतृत्व करने जा रहे हैं। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में भारी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। 



कांग्रेस दोपहर 12 बजे राजभवन का घेराव करने वाली है। सबसे पहले 11.30 बजे सभी नेता भोपाल के जवाहर चौक में एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी राजभवन की ओर कूच करेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए पूरे कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ ही साथ लोगों से बड़ी संख्या में जमा होकर किसानों का साथ देने की अपील भी की है। कांग्रेस ने इसमें लिखा है, "किसानों के समर्थन में राजभवन घेराव आज। आज दिनांक 23 जनवरी 2021 - समय सुबह 11:30 बजे, जवाहर चौक भोपाल में एकत्रित होंगे, जवाहर चौक से राजभवन कूच करेंगे बड़ी संख्या में एकत्रित होकर किसानों का साथ दें।"



 





 



दरअसल मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश भर में किसानों के समर्थन में सम्मेलनों तथा कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र मुरैना में भी भारी जन सैलाब उमड़ा था। आज भी कांग्रेस के प्रदर्शन में भारी भीड़ होने के आसार हैं।