उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 सितंबर यानी शुक्रवार को कांग्रेस एक बड़ा राजनीतिक आयोजन करने जा रही है। यहां से कांग्रेस ‘किसान न्याय यात्रा’ का शंखनाद करने जा रही है। इस मौके पर सीएम मोहन यादव के गृहक्षेत्र उज्जैन में कांग्रेस के तमाम दिग्गजों का जुटान होगा।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार किसान न्याय यात्रा में राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी समेत प्रदेश के सभी जिलों से नेता कार्यकर्ता इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी यह यात्रा भाजपा सरकार की किसान विरोधी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बनेगी। उन्होंने कहा कि सीएम मोहन यादव अपने ही गृह ज़िले के किसानों की कराह सुनने को तैयार नहीं हैं। उज्जैन का किसान कर्ज़, महंगाई और खाद संकट से जूझ रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार चैन की बंसी बजा रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि यह न्याय यात्रा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, किसानों की उपेक्षा, युवाओं की बेरोजगारी और महिलाओं की असुरक्षा के खिलाफ है। कांग्रेस स्पष्ट करती है कि जब तक प्रदेश की जनता को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा सरकार की कुर्सी पर चैन से बैठने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जनसभा और रैली में यह संदेश दिया जाएगा कि भाजपा वोट चोर और किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि सीएम।मोहन यादव के गृह ज़िले से उठी यह गूंज पूरे मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की जड़ें हिला देगी। अब प्रदेश की जनता धोखे और जुमलों से नहीं, बल्कि न्याय और हक़ की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस के साथ है।