देवास। शहर के लाल गेट के पास एक दो मंजिला भवन भरभरा कर गिर गया। यह दो मंजिला इमारत स्टेशन रोड पर है। इस बिल्डिंग के मलबे में दबे 9 लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती किया गया है। नगर निगम और पुलिस JCB की मदद से मलबा हटाने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक मकान के मलबे में  3 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। इनमें एक 8 महीने का बच्चा,एक युवक औऱ एक महिला शामिल हैं। 

देवास के स्टेशन रोड स्थित नई आबादी में मंगलवार शाम यह मकान गिरा। दो मंजिला मकान के मलबे में से शेख परिवार के नौ सदस्यों को निकाल लिया गया। मकान शाम को गिरा तब शेख परिवार के पुरुष सदस्य घर में नहीं थे। घरवालों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को मकान की छत काटनी पड़ी। खबर है कि आरा मशीन संचालक जाकिर शेख का यह मकान काफी पुराना है। इसकी हालत पहले ही जर्जर थी भारी बारिश की वजह से मकान और कमजोर हो गया था।