ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा सोमवार शाम ग्वालियर में एक कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट में फंस गए थे। जयेंद्रगंज स्थित एक बिल्डिंग में पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर जाते समय लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण दूसरे फ्लोर पर रुक गई थी। करीब 10 से 15 मिनट तक फंसे रहने के बाद कर्मचारियों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, लश्कर क्षेत्र के जयेंद्रगंज में संजय कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित बिल्डिंग में ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेज की नई ब्रांच शुरू की गई। इस कार्यक्रम में नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उद्घाटन स्थल तीसरे फ्लोर पर था जहां जाने के लिए वे लिफ्ट में सवार हुए।
यह भी पढ़ें:UPI पेमेंट पर MDR शुल्क लागू करने का फैसला टला, दिवाली के बाद होगा लागू
लिफ्ट पहले फ्लोर से ऊपर जा रही थी लेकिन दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही अचानक झटके के साथ रुक गई। इसके बाद अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही बिल्डिंग के कर्मचारियों और कार्यक्रम के आयोजकों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश शुरू की। मौके पर मौजूद पूर्व गृहमंत्री के सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी भी स्थिति को लेकर चिंतित रहे। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी बड़ी अनहोनी की सूचना नहीं है।
लिफ्ट से निकलने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कोचिंग संस्थान की नई ब्रांच का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। उन्होंने संस्थान को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर विकल्प बताया। लिफ्ट में फंसने और फिर सुरक्षित बाहर निकलने की घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद वीडियो वायरल होने लगा।
यह भी पढ़ें:अरेरा कॉलोनी में आवासीय प्लॉट पर कमर्शियल गतिविधियां जारी, रहवासियों ने दी कोर्ट जाने की चेतावनी