झांसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 34वें दिन शुक्रवार दोपहर बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। ओरछा से शुरू हुई पदयात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए झांसी जिले के बबीना विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यहां समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ चंद्रपाल सिंह यादव ने यात्रियों को स्वागत किया। इससे पहले यात्रा ललितपुर के रास्ते कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश में दाखिल हुई थी, लेकिन निवाड़ी जिले के ओरछा पहुंचने के बाद मध्य प्रदेश में लौट आई थी। अब यात्रा ने दोबारा उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया है और अयोध्या तक का शेष सफर उत्तर प्रदेश में ही तय करेगी।
दिग्विजय सिंह ने यात्रा के दौरान कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म की मूल भावना, धार्मिक आस्था की पवित्रता और श्रद्धालुओं के सम्मान की रक्षा करना है। धार्मिक स्थलों पर आने वाले चढ़ावे और दान की व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिए। इसके साथ ही वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे मुद्दों पर जनता को जागरूक करना भी यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और सद्भाव के सनातन मूल्यों को लेकर यह यात्रा अयोध्या तक पहुंचेगी।
शुक्रवार सुबह ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पदयात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा प्रथम द्वार, चंद्रशेखर आजाद स्मारक, ग्राम आजादपुरा, ओरछा रेलवे स्टेशन और ताराग्राम होते हुए ओरछा तिगैला हाईवे पहुंची। यहां दोपहर में भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा प्रतापपुरा, शंकरगढ़ और दीगारा होते हुए गोरा मछिया पहुंची। यहां से पदयात्रा ने उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रवेश किया। शाम को बबीना विधानसभा क्षेत्र में टाटा शोरूम एवं वेयरहाउस के पास यात्रा का विश्राम और रात्रि भोजन हुआ। इसके बाद रात्रि विश्राम झांसी जिले के बड़ागांव में निर्धारित है।
शुक्रवार को यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक फूंदेलाल मार्को, देवेंद्र पटेल और नितेंद्र सिंह राठौर शामिल हुए। सभी नेताओं ने दिग्विजय सिंह के साथ पदयात्रा में सहभागिता की। इस दौरान राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा भी मौजूद रहे। वहीं, अनंत श्री विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज 'पूज्य रावतपुरा सरकार' ने भी ओरछा में यात्रा को अपना आशीर्वाद दिया और पदयात्रा में सहभागिता की।
गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी। दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा अयोध्या के श्रीरामलला मंदिर तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों के चढ़ावे और दान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दों पर निष्पक्ष जांच की मांग तथा सनातन धर्म के स्वाभिमान एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है।