नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर सरकार का असली मकसद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है, ताकि लोगों की राजनीतिक आवाज को कमजोर किया जा सके।
जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में ही संसद से सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इसे तत्काल लागू करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया।
रमेश ने कहा कि महिला आरक्षण कानून पहले से बन चुका है, ऐसे में संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण लागू करने के लिए नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और स्वरूप में बदलाव करने के लिए बुलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम फैला रही है।
कांग्रेस महासचिव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी क्या उन्हें सौंपी जा सकती है, जिनके कार्यकाल में मतदाता सूचियों की प्रक्रिया और चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर बड़े पैमाने पर वोट चोरी के आरोप लगे हैं, उन्हें ही परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलने की ताकत कैसे दी जा सकती है। जयराम रमेश ने इसे प्रधानमंत्री की हताशा में उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस कोशिश का पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ विरोध करेगी।
गौरतलब है कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को फिर से लाए जाने की अटकलें हैं। इससे पहले अप्रैल 2026 में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।