ओरछा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में शिवधाम उज्जैन से रामधाम अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 33वें दिन गुरुवार को यात्रा रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा में रही। इस दौरान दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए। पवित्र बेतवा नदी के कंचना घाट पर असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवार्चन पूजन महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं को संबोधित कर यात्रा के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की।
गुरुवार को दिन की शुरुआत दिग्विजय सिंह ने श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन एवं पूजन-अर्चन से की। उन्होंने प्रभु श्रीराम से समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद कंचना घाट पर बेतवा नदी के तट पर असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवार्चन पूजन का आयोजन हुआ। दिग्विजय सिंह ने पत्नी अमृता राय व अन्य यात्रियों के साथ विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन किया। इस अवसर पर मां भगवती के स्वरूप नन्हीं कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया तथा कन्या भोज का आयोजन भी हुआ। उन्होंने देवाधिदेव महादेव एवं मां आदिशक्ति से देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
इस दौरान पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दो प्रमुख मुद्दे वोट चोरी और चंदा चोरी हैं। वोट चोरी लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़े गंभीर प्रश्न हैं, वहीं धार्मिक स्थलों पर चंदे और चढ़ावे में अनियमितता श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है। इन दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, दया, करुणा, प्रेम और सद्भाव सनातन धर्म के मूल सिद्धांत हैं और यात्रा इन्हीं मूल्यों का संदेश लेकर उज्जैन से अयोध्या की ओर बढ़ रही है।
दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय ने श्रद्धालु माताओं एवं बहनों को साड़ियां भेंट कर उनका सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, यात्रा में साथ चल रहे सहयात्रियों को बढ़ती ठंड को देखते हुए बैग, स्वेटर एवं जैकेट वितरित किए गए, ताकि पदयात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। दिग्विजय सिंह ने सपत्नीक मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज के दर्शन कर उनका सान्निध्य एवं आशीर्वाद भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य आध्यात्मिक ऊर्जा, सद्विचार और सत्कर्म की प्रेरणा देता है। सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में संत समाज की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।
दिनभर के धार्मिक आयोजनों के बाद शाम को आदित्य पैलेस में यात्रा का विश्राम एवं रात्रि भोजन आयोजित किया गया। इस दौरान लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की भक्तिमय प्रस्तुति हुई। यात्रा का रात्रि विश्राम ओरछा में ही किया गया। वहीं, शुक्रवार को सुबह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा श्री रामराजा सरकार मंदिर, ओरछा से पुनः पदयात्रा शुरू करेगी। प्रथम द्वार, चंद्रशेखर आजाद स्मारक, आजादपुरा, ओरछा रेलवे स्टेशन, ताराग्राम और ओरछा तिगैला होते हुए यात्रा आगे बढ़ेगी। दोपहर भोजन एवं विश्राम के बाद प्रतापपुरा, शंकरगढ़ और दीगारा होते हुए गोरा मछिया के रास्ते यात्रा उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रवेश करेगी। यहां बबीना विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा विश्राम एवं रात्रि भोजन के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम बड़ागांव, जिला झांसी में होगा।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से प्रारंभ हुई थी। दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा उज्जैन से अयोध्या तक लगभग 930 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल्यों के प्रचार-प्रसार के साथ धार्मिक स्थलों के चंदे एवं चढ़ावे में पारदर्शिता तथा लोकतंत्र में मताधिकार की निष्पक्षता से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना है।