व्हॉट्सऐप यूजर्स अब मैसेज भेजने के लिए ऑनलाइन रहने या सही समय का इंतजार करने से बच सकेंगे। कंपनी ने मैसेज शेड्यूलिंग फीचर शुरू करने का ऐलान किया है। इसके जरिए यूजर पहले से मैसेज तैयार करके उसकी तारीख और समय निर्धारित कर सकेंगे। तय समय होने पर मैसेज अपने आप संबंधित व्यक्ति या ग्रुप तक पहुंच जाएगा। यह सुविधा भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी की जा रही है।
इस फीचर की मदद से यूजर 10 मिनट बाद से लेकर अगले 14 दिनों तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए केवल टेक्स्ट ही नहीं बल्कि फोटो और वीडियो भी पहले से भेजने के लिए तैयार किए जा सकेंगे। यह विकल्प पर्सनल चैट के साथ ग्रुप बातचीत में भी उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें:CM मोहन यादव ने छोड़ा इंदौर का प्रभार, मंत्री चेतन्य काश्यप को मिली जिम्मेदारी
मैसेज शेड्यूल करने के बाद यूजर को तय समय पर व्हॉट्सऐप खोलने या फोन चालू रखने की जरूरत नहीं होगी। फोन की बैटरी खत्म होने या डिवाइस बंद रहने की स्थिति में भी निर्धारित मैसेज डिलीवर हो सकेगा। इससे यूजर्स को जरूरी संदेश भेजने के लिए उस समय फोन इस्तेमाल करने की परेशानी नहीं होगी।
मैसेज भेजे जाने से पहले यूजर के पास उसे हटाने का विकल्प भी रहेगा। यानी अगर किसी ने गलत जानकारी के साथ मैसेज तैयार कर दिया है या भेजने का प्लान बदल गया है तो उसे निर्धारित समय से पहले डिलीट किया जा सकता है।
इस सुविधा का इस्तेमाल कई रोजमर्रा के कामों में किया जा सकेगा। उदाहरण के लिए, रात में सोने से पहले अगली सुबह भेजे जाने वाला मैसेज तैयार किया जा सकता है। जन्मदिन और शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं भी तय समय पर पहुंचाने के लिए पहले से शेड्यूल की जा सकेंगी।
इसके अलावा मीटिंग, अपॉइंटमेंट और जरूरी कामों से जुड़े रिमाइंडर भेजने में भी यह फीचर उपयोगी होगा। ऑफिस और बिजनेस ग्रुप में काम से जुड़े अपडेट पहले से तैयार करके निर्धारित समय पर साझा किए जा सकेंगे। अलग अलग देशों और टाइम जोन में रहने वाले लोगों के साथ बातचीत के दौरान भी सही समय पर संदेश पहुंचाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें:ओरछा पहुंची सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, दिग्विजय सिंह ने की रामराजा मंदिर के खजाने में चोरी की जांच की मांग
व्हॉट्सऐप पर शेड्यूल किया गया मैसेज रिसीवर को सामान्य संदेश की तरह ही दिखाई देगा। उसे कोई अलग सूचना नहीं मिलेगी कि मैसेज पहले से तैयार करके भेजा गया है। कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा के साथ काम करेगी।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक ऐसी सुरक्षा तकनीक है जिसमें संदेश भेजने वाले के डिवाइस पर ही सुरक्षित कोड में बदल दिया जाता है। उसे केवल प्राप्त करने वाला व्यक्ति अपने डिवाइस पर पढ़ सकता है। इस दौरान नेटवर्क या सर्वर के जरिए संदेश का वास्तविक कंटेंट पढ़ा नहीं जा सकता।
कंपनी ने इस फीचर को फिलहाल सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया है। भारत सहित अन्य देशों में इसका विस्तार धीरे धीरे किया जाएगा। ऐसे में कुछ लोगों को यह सुविधा अभी दिखाई दे सकती है। जबकि, बाकी यूजर्स को इसे पाने के लिए कुछ हफ्तों तक इंतजार करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:गुना जिला अस्पताल परिसर में बेकाबू हुई डॉक्टर की कार, गर्भवती महिला समेत 6 को कुचला
व्हॉट्सऐप ने सभी यूजर्स के लिए फीचर उपलब्ध होने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपने ऐप को अपडेट रखें ताकि उपलब्ध होने पर नए फीचर का इस्तेमाल कर सकें।