भोपाल। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 'जेब में प्याज' रखने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने जहां आम लोगों का ध्यान खींचा है, वहीं राजनीतिक हलकों में भी नई बहस छेड़ दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी सिंधिया पर चुटकी ली है।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा कि सभी भाजपा नेताओं को सिंधिया से सीखना चाहिए। सभी भाजपा नेताओं से AC कारें वापस ले लेनी चाहिए और उन सभी को अपनी जेब में प्याज ले कर चलना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा कि इतने बड़े राजघराने में जन्म लेने के बावजूद सिंधिया जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
दरअसल, इस साल गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कई राज्यों में तापमान 46 और 47 डिग्री को भी पार कर गया है। इस चिलचिलाती धूप और लू से शरीर को बचाए रखने के लिए सिंधिया ने विगत दिनों एक उपाय सुझाया था। सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र गुना के पिछोरे-शिवपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में प्याज बहुत सहायक होती है। आज के आधुनिक युग में हर कोई अपने साथ फोन रखता है, लेकिन वह अपने पास एक प्याज रखते हैं। यह चिलचिलाती गर्मी में शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है।'
सिंधिया ने सभा के दौरान ही अपने जेब से एक प्याज निकालकर लोगों को दिखाया भी था। साथ ही यह भी दावा किया कि वे अपनी कार या दफ्तर में AC का इस्तेमाल नहीं करते। वे पूरे समय बिना AC के रहते हैं क्योंकि उनके जेब में प्याज रहती है। बकौल सिंधिया जेब में प्याज हो तो 51 डिग्री तापमान को भी बर्दाश्त किया जा सकता है। सिंधिया के इस बयान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसी कड़ी में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी भाजपा नेताओं को AC छोड़कर प्याज रखने की नसीहत दे डाली।