यादद्री। तेलंगाना के यादद्री भुवनगिरी जिले में अलेर रेलवे स्टेशन के नजदीक रविवार को चारमीनार एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना ट्रेन के S5 कोच में हुई। कोच से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग की लपटें नजर आने लगी। राहत की बात यह रही कि समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया। जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन जैसे ही अलेर स्टेशन के करीब पहुंच रही थी वैसे ही कोच के अंदर धुआं फैलने लगा था। हालात बिगड़ते देख यात्रियों में घबराहट फैल गई और लोग जल्द से जल्द बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ यात्रियों ने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि ट्रेन रुकने से पहले ही कई लोग कोच से कूद गए थे। इसी दौरान किसी ने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया। जिससे बाकी यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी और स्थानीय राहत टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए तुरंत प्रयास शुरू किए गए और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। हालांकि, आग लगने के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। जिनमें कोच में आग और धुआं निकलते साफ देखा जा सकता है। फिलहाल रेलवे की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।