इंदौर। इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि आज सोनम जेल से बाहर आ जाएगी। हालांकि जमानत का विस्तृत आदेश अभी जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार सिर्फ सोनम ने ही जमानत याचिका दायर की थी, जबकि बाकी आरोपियों ने अब तक कोई जमानत याचिका दाखिल नहीं की है।
ईस्ट खासी हिल्स जिला और सत्र न्यायाधीश न्यायालय के लीगल एड सेल की ओर से यह याचिका दायर की गई थी। न्यायालय में सोनम की तरफ़ से दलील दी गई कि जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और आगे भी सहयोग करेंगी। वह लगभग 10 महीनों से जेल में बंद हैं, इसलिए उन्हें जमानत से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, सोनम के पिता और चचेरे भाई ज़मानत बांड देने के लिए शिलांग पहुंच गए हैं और संभावना जताई जा रही है कि उन्हें आज शाम रिहा कर दिया जाएगा। शिलॉन्ग एसपी विवेक स्येम ने मीडिया से कहा कि कोर्ट ने अपने अधिकार का उपयोग करते हुए जमानत दी है। इधर, इंदौर में राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि शिलॉन्ग के वकील से उनकी बात हुई है। सोनम को जमानत कल ही मिल चुकी है। आज सोनम को जेल से छोड़ दिया जाएगा।
इसी के साथ राजा रघुवंशी मर्डर केस में गिरफ्तार पांच में से अब तक चार आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। इनमें सोनम, लोकेंद्र सिंह तोमर, गार्ड बलबीर अहिरवार और शिलोम जेम्स शामिल हैं। मध्य प्रदेश के व्यवसायी रघुवंशी की पिछले साल मई में अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर मेघालय आने के बाद हत्या कर दी गई थी।
राजा रघुवंशी की सोनम से शादी पिछले साल 11 मई को हुई थी। सोनम रघुवंशी और राजा 21 मई को हनीमून मनाने के लिए मेघालय के शिलॉन्ग गए थे, जहां 23 मई को हनीमून के दौरान दोनों लापता हो गए। घटना के 10 दिन बाद पुलिस ने 30 फीट गहरी खाई से उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया, जिस पर धारदार हथियार से किए गए कई घाव थे। सोनम तब लापता थी। इसके बाद यूपी में उसने सरेंडर किया था।