नई दिल्ली। दिल्ली से इंदौर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2515 शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सकी। विमान को टेकऑफ से पहले रनवे से वापस टर्मिनल लाना पड़ा। विमान के वापस लौटने के बाद यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लंबे इंतजार और लगातार देरी से परेशान यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के खिलाफ नारेबाजी की और रिफंड या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट AI-2515 रोजाना दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से रवाना होती है और दोपहर 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है। शनिवार को विमान तय समय पर उड़ान नहीं भर सका। तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद उड़ान में लगातार देरी होती रही। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट अब शाम करीब 5 बजे इंदौर पहुंच सकती है।

यह भी पढ़ें:BJP मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई की गुंडागर्दी, महिला CEO को धमकाया

यात्रियों के मुताबिक, परेशानी की शुरुआत बोर्डिंग से पहले ही हो गई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट का गेट दो बार बदला गया था। जिसकी वजह से यात्रियों को इधर-उधर भटकना भी पड़ा था। इसके बाद यात्रियों को विमान में बैठा तो दिया गया लेकिन तकनीकी मंजूरी नहीं मिलने के कारण विमान लंबे समय तक रनवे पर खड़ा रहा।

इस दौरान विमान के अंदर एयर कंडीशनिंग बंद होने से हालात और खराब हो गए थे। भीषण गर्मी और बंद केबिन में काफी देर तक बैठे रहने की वजह से कई यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ गई थी। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से देरी की सही वजह नहीं बताई गई और चालक दल की तरफ से भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:MP में भीषण गर्मी का कहर, 20 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट, महीने के अंत में बारिश की उम्मीद

काफी देर तक स्थिति साफ नहीं होने के बाद विमान को वापस टर्मिनल पर लाया गया। विमान से उतरते ही नाराज यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई यात्री एयरपोर्ट पर ही रिफंड की मांग को लेकर डटे रहे। जबकि, कुछ यात्रियों ने वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था करने की मांग की।

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने नाराजगी जताई है। शालिन जैन नाम के एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखा कि एयरलाइन की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-2516 जो दोपहर 2:15 बजे रवाना होनी थी उसका समय बार-बार बदला जा रहा है और अब विमान का नया समय शाम 6 बजे बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फ्लाइट आज उड़ान भरेगी भी या नहीं।

यह भी पढ़ें:हल्का पड़ा भाजपा विधायक का 250 किलो का हाथ, भाषाई त्रुटी के लिए खेद व्यक्त की

वहीं, @astro_moon_6 नाम के एक अन्य यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनकी फ्लाइट करीब दो घंटे देरी से चली और बाद में रद्द कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी खराबी के अलावा कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई और यात्रियों के लिए आगे की व्यवस्था को लेकर भी स्पष्टता नहीं थी। यात्रियों की शिकायतों पर एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देरी परिचालन कारणों से हुई है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा को कम करने के लिए उनकी टीम लगातार काम कर रही है और यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।