भोपाल। मध्य प्रदेश में रबी फसलों की कटाई जारी है। इसी बीच किसानों की ओर से एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई है। मनावर से कांग्रेस विधायक डॉ. हिरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सहकारी समितियों में फसल ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2025 तक करने का आग्रह किया है।
जयस के राष्ट्रीय संरक्षक अलावा ने बताया कि वर्तमान में रबी की फसलें गेहूं, चना और मक्का अभी खेतों में खड़ी हैं। कुछ फसलों की कटाई का काम जारी है। प्रदेश में गेहूं खरीदी वर्ष 2025-26 का कार्य भी चल रहा है। किसान पंजीयन के माध्यम से केंद्रों पर स्लॉट बुक कराकर अपनी उपज तौल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: महिला बलात्कार नहीं कर सकती, लेकिन उकसा सकती है, MP हाईकोर्ट का फैसला
अलावा ने किसानों की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को गेहूं उपज की राशि 28 मार्च 2025 तक नहीं मिल पाएगी। कई किसान अपना केवाईसी लोन सहकारी समितियों में जमा नहीं कर पा रहे हैं। किसानों के खाते ओवरड्यू न हों, इसलिए ड्यू डेट बढ़ाना आवश्यक है।
डॉ. अलावा ने कहा कि समय सीमा बढ़ाने से किसानों को शून्य ब्याज दर योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल निर्णय लेने की मांग की है।