भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार शाम एक किराना कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बैरसिया थाना क्षेत्र में शमशाबाद रोड स्थित एक ढाबे के पास अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने व्यापारी को निशाना बनाया। सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बैरसिया के वार्ड नंबर सात निवासी हनीफ (42) के रूप में हुई है। वह स्थानीय स्तर पर किराना व्यवसाय करता था। परिजनों के अनुसार, हनीफ बुधवार शाम करीब 4:30 बजे किसी रिश्तेदार के घर शमशाबाद जा रहा था। उस दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमले में एक ही गोली चलाई गई जो उसके सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गई।

यह भी पढ़ें:MP में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 42 डिग्री पार, 16 जिलों में लू का अलर्ट

परिजनों ने बताया कि हनीफ का किसी से कोई विवाद या पुरानी रंजिश नहीं थी जिससे हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

भोपाल ग्रामीण एसपी रामशरण प्रजापति ने बताया कि घटनास्थल से हनीफ की बाइक बरामद हुई है। आसपास के ढाबों और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के एक और बिल्डर को लॉरेंस गैंग की धमकी, हैरी बॉक्सर बन मांगे 5 करोड़ रुपए