भोपाल। राजधानी भोपाल में जीएसटी इंटेलिजेंस विभाग ने तंबाकू और गुटखा निर्माण से जुड़ी एक इकाई पर कार्रवाई कर 60 करोड़ रुपये से अधिक की कथित टैक्स चोरी का पता लगाया है। नवाबगंज के न्यू चौकसे नगर स्थित इस परिसर में गुरु ब्रांड के तंबाकू उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री संचालक सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

विभाग की टीम ने न्यू चौकसे नगर में स्थित परिसर की जांच के दौरान वहां रखी मशीनरी और उत्पादन से जुड़े सामान की पड़ताल की। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में मशीनों को छिपाकर रखा गया था और निर्माण गतिविधियां बिना आवश्यक स्वीकृति के संचालित की जा रही थी।

छापे के दौरान अधिकारियों को कारोबार से जुड़े ऐसे दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले जिनसे बड़े पैमाने पर टैक्स संबंधी अनियमितताओं की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में कथित टैक्स चोरी की राशि 60 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। हालांकि, विभाग की विस्तृत जांच के बाद ही वित्तीय अनियमितताओं की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

जीएसटी इंटेलिजेंस अब फैक्ट्री के संचालन, उत्पादन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में संचालक के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच में भूमिका सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

अधिकारियों के मुताबिक, तंबाकू और गुटखा निर्माण से जुड़ी इकाइयां जीएसटी सहित लागू कर नियमों के दायरे में आती हैं। बिना आवश्यक अनुमति निर्माण गतिविधियां संचालित करने और कर नियमों के उल्लंघन के मामलों की जांच के लिए विभाग की कार्रवाई जारी है।