भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर संगठनात्मक फेरबदल की शुरुआत हो गई है। MP युवा कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों के निलंबन के बाद अब कांग्रेस ने विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को OBC विभाग के अध्यक्ष पद से हटा दिया है। AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के OBC विभाग के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की है। इसके मुताबिक सबलगढ़ के पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाहा को मध्यप्रदेश कांग्रेस OBC विभाग का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले सतना के विधायक सिद्धार्थ कुशवाह OBC विभाग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही OBC विभाग में दो नए प्रदेश उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। पार्टी ने भोपाल के राजेंद्र मंडलोई और सतना के पवन पटेल को मध्य प्रदेश कांग्रेस OBC विभाग का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण को लेकर सियासत गर्म है। ऐसे समय में बैजनाथ कुशवाहा की नियुक्ति अहम मानी जा रही है।