ग्वालियर। आम लोगों की समस्याओं को लेकर नगर निगम के सामने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आज ग्वालियर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। यहां तक कि प्रदर्शन में बड़ी तादाद में शामिल महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं बख्शा। कांग्रेस ने यह प्रदर्शन शहर में फैली गंदगी, सीवेज, आवारा पशुओं की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं और पानी की किल्लत जैसे मुद्दों को लेकर किया।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता की इस समस्याओं को लेकर नगर निगम का घेराव करने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान उन्हें रोकने के लिए ग्वालियर पुलिस ने बल प्रयोग किया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर न सिर्फ जमकर लाठियां चलाईं, बल्कि वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने शहर में जगह-जगह बैरिकेड्स भी लगाए थे।

कांग्रेस के इस प्रद्रर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रश्मि पवार शर्मा ने किया। उनके साथ कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार, जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी के इशारे पर पुलिस कांग्रेसियों को अपनी बात कहने से रोक रही है, प्रदर्शन नहीं करने दे रही है।

रश्मि पवार ने नगर निगम पर निरंकुश होने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद को बहन बेटियों का मामा कहते हैं, लेकिन उनके राज नें पुलिस महिलाओं पर लाठियां बरसा रही है, ठंड में उन पर पानी की तेज़ बौछारें छोड़ रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर जनता की समस्याएं दूर नहीं की गईं तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि शहर में फैली गंदगी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है, सीवेज में लीकेज होने से पीने का पानी तक दूषित हो रहा है।