इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चंदन नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले दो पड़ोसी घर में मुर्गा घुसने की बात को लेकर आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच विवाद इतना बड़ गया कि दोनों मारपीट पर उतारू हो गए। दूसरे पड़ोसी ने मुर्गा मालिक पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। वहीं घर में घुसने वाले मुर्गे को भी पड़ोसी ने मार डाला। जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार चंदन नगर थाना क्षेत्र के खजरा पार्क कॉलोनी में रहने वाले अनवर खान का मुर्गा पड़ोसी के घर में घुस गया। इसके बाद उसका पड़ोसी जावेद शाह नाराज हो गया और उसने मुर्गे को जान से मार दिया। इसके बाद वह अनवर के घर पहुंचा और उसपर डंडे से हमला कर दिया। झगड़ा सुनकर अनवर की पत्नी बीच बचाव करने आई तो जावेद ने उसपर भी हमला कर दिया। जैसे तैसे पड़ोसियों ने मिलकर अनवर को जावेद से बचाया।

इसके बाद अनवर जावेद की शिकायत करने पुलिस थाने पहुंचा। अनवर ने पुलिस को सारी बात बताई। पुलिस ने अनवर की शिकायत पर पड़ोसी जावेद शाह पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करना शुरु कर दिया है। 

घटना की जानकारी देते हुए शिकायकर्ता अनवर ने बताया कि वह लगभग तीन सालों से घर में मुर्गा-मुर्गी पालता आ रहा है। सोमवार को उनका लाल रंग का मुर्गा उनके पड़ोसी जावेद के घर में  घुस गया। इसके बाद जावेद ने पहले मुर्गे को मार दिया और उसके बाद वह मुझे मारने के लिए डंडे और लाठी लेकर पहुंच गया। उसके बाद उसने मेरी पत्नी और मेरे साथ मारपीट की।