भोपाल में पानी की टंकियों में मिली 1600 लीटर शराब, आबकारी विभाग ने 30 से ज्यादा केस दर्ज किए

भोपाल में आबकारी विभाग ने रविवार रात अवैध शराब के खिलाफ बड़ी छापेमारी की। होटल, ढाबों और झुग्गियों में हुई कार्रवाई के दौरान 30 से अधिक केस दर्ज हुए।

Updated: Oct 26, 2026, 03:24 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने रविवार रात शहर के कई इलाकों में छापेमारी की। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और झुग्गी बस्ती क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक ही रात में 30 से अधिक केस दर्ज किए गए। ग्राम बगोनिया में टीम को 1600 लीटर हाथ भट्‌टी शराब और लहान मिला। वहां आरोपी ने पानी की टंकियों में शराब भर रखी थी। वहीं, टीला जमालपुरा में एक व्यक्ति को ऑटो में देशी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।

आबकारी विभाग की यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के निर्देश पर की गई। कंट्रोलर वर्षा उइके ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के लिए टीमें गठित की थॉं। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने रविवार रात मैदान में उतरकर अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें:ब्राज़ील में दक्षिणपंथी राजनीति को फिर झटका, लुला दा सिल्वा चौथी बार राष्ट्रपति चुने गए

कार्रवाई के दौरान ग्राम बगोनिया में आबकारी उप निरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने दबिश दी। वहां राहुल पिता प्रेम अहिरवार के पास से 1600 लीटर हाथ भट्‌टी शराब और लहान बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि शराब को पानी रखने वाली टंकियों में भरकर रखा गया था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शराब जब्त की।

शहर के रिहायशी इलाकों में भी आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय थी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार ने भीम नगर की झुग्गी बस्ती में कार्रवाई की। वहीं, टीला जमालपुरा में सीमा कशीसिया की टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीला जमालपुरा निवासी रमेश अडवाणी को ऑटो में देशी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।

यह भी पढ़ें:धार में भीषण सड़क हादसा, कार में आग लगने से 4 दोस्तों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल

आबकारी विभाग ने भोपाल-इंदौर रोड पर बैरागढ़ क्षेत्र में संचालित होटलों को भी जांच के दायरे में लिया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके की टीम ने होटल रौनक, होटल पटेल, द आर्क, किंग्स, क्लबक बाना और बिग चिल में जांच कर कार्रवाई की। इसके अलावा शरद मिश्रा और उनकी टीम ने एमपी नगर स्थित होटल दिल्ली दरबार, होटल वाइड और होटल एवेन्यू के साथ अरेरा कॉलोनी के कुसीन कल्चर में भी जांच की। इन होटलों और अन्य स्थानों पर की गई कार्रवाई में 26 प्रकरण दर्ज किए गए।