इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में गिरते रुपये के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने महानायक अमिताभ बच्चन को निशाने पर लेते हुए शहरभर में पोस्टर लगाकर विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने बच्चन के साल 2013 के एक पुराने ट्वीट का हवाला देते हुए सवाल उठाया है कि उस समय रुपये की गिरावट पर चिंता जताने वाले अभिनेता अब क्यों चुप हैं। जबकि, डॉलर के मुकाबले रुपया 93 के पार पहुंच चुका है।
इंदौर कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल की अगुवाई में लगाए गए इन पोस्टरों में अमिताभ बच्चन का 2013 का ट्वीट प्रमुखता से दिखाया गया है। इसमें उन्होंने रुपये की कमजोरी पर प्रतिक्रिया दी थी। कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान स्थिति में कई बड़े फिल्मी सितारे जो पहले इस मुद्दे पर मुखर थे अब चुप्पी साधे हुए हैं। पार्टी ने इसे लेकर तीखा तंज कसते हुए सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें:भोपाल नगर निगम की बैठक में गोमांस पर जोरदार हंगामा, नेता प्रतिपक्ष और महापौर में हुई तीखी नोंकझोंक
मामले को और उग्र बनाते हुए कांग्रेस ने 51 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है। पार्टी का कहना है कि जो भी व्यक्ति अमिताभ बच्चन से इस मुद्दे पर ट्वीट करवा देगा या खुद अभिनेता इस पर प्रतिक्रिया देंगे तो उसे यह इनाम दिया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी याद दिलाया कि साल 2013 में जूही चावला, अनुपम खेर और विवेक अग्निहोत्री जैसे कलाकारों ने भी रुपये की गिरावट पर खुलकर अपनी राय रखी थी।
वहीं, इस पूरे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता आलोक दुबे ने कांग्रेस की इस रणनीति को नौटंकी बताते हुए कहा कि यह केवल लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है। उनके मुताबिक, कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी है इसलिए वह इस तरह की पोस्टर राजनीति कर रही है। साथ ही बीजेपी ने यह भी तर्क दिया कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई देशों की मुद्राओं पर दबाव बना हुआ है और इसे सिर्फ घरेलू मुद्दा बताकर राजनीतिक रंग देना गलत है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें:न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, एयर कनाडा का विमान फायर ट्रक से टकराया, सैकड़ों लोग घायल