भोपाल। राजधानी भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में मंगलवार दोपहर एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना की जानकारी परिवार की ओर से पुलिस को दी गई थी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें:MP: सामूहिक विवाह से दुल्हनें गायब, देवास में 42 युवकों से हुई ठगी

हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि छात्रा के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और हालिया कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

जांच से जुड़े जानकारों के अनुसार, पुलिस अब मृतका के दोस्तों और सहपाठियों से भी बातचीत करेगी। अधिकारियों को आशंका है कि हाल के दिनों में छात्रा किसी मानसिक दबाव या तनाव से गुजर रही हो सकती है। चूंकि वह हाल ही में नई कक्षा में पहुंची थी इसलिए पढ़ाई और शैक्षणिक दबाव के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें:बॉलीवुड में काम नहीं कर पाएंगे रणबीर सिंह, फरहान अख्तर की शिकायत पर FWICE ने लगाया बैन

साइबर सेल की मदद से छात्रा के सोशल मीडिया अकाउंट्स और ऑनलाइन गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी और क्या किसी बात को लेकर परेशान थी।

फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर रही है लेकिन परिजनों के विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें:MP: पीएमश्री स्कूल में किताबें जलाकर हुई चिकन पार्टी, वीडियो वायरल होने पर भी कार्रवाई नहीं