भोपाल/नई दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। अचानक अस्वस्थ होने के बाद कमल नाथ को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। सीने में दर्द की शिकायत के बाद कमल नाथ मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए हैं। 



कमल नाथ के अस्वस्थ होने के बाद छिंदवाड़ा सांसद और उनके बेटे नकुल नाथ मेदांता अस्पताल के रवाना हो गए हैं। नकुल नाथ जल्द ही मेदांता अस्पताल पहुंच कर अपने पिता के स्वास्थ्य का जायज़ा लेंगे। 



बताया जा रहा है कि कमल नाथ को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके साथ ही उन्हें सर्दी खांसी भी है। जिसके बाद एहतियातन उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने का निर्णय लिया। इस समय कमल नाथ का कोविड टेस्ट कराया जा रहा है। हालांकि उनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन जांच में हल्का इन्फेक्शन पाए जाने की बात कही जा रही है। जिसके बाद उनका आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया है। 





कमल नाथ के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी के अस्वस्थ होने की सूचना मिली है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे उन्हें शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ करें।