मध्य प्रदेश में विधानसभा के मानसून सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। मानसून सत्र पांच दिनों तक चलेगा। 24 जुलाई को मानसून सत्र समाप्त हो जाएगा। इस सत्र में विभिन्‍न कार्यों के साथ ही बजट पारित किया जाना है।

विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बताया है कि कोरोना को देखते हुए मानसून सत्र छोटा रखा गया है। विधानसभा सचिवालय से जारी अधिसूचना के अनुसार मध्य प्रदेश की 15 वीं विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। इस सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी। इसमें महत्वपूर्ण शासकीय विधि विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे। विधानसभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 24 जून तक तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 9 जुलाई तक प्राप्त की जाएंगी। स्थगन प्रस्ताव, ध्यान आकर्षण तथा नियम 267 के अधीन दी जाने वाली सूचनाएं विधानसभा सचिवालय में 14 जुलाई से कार्यालीन समय में प्राप्त की जाएंगी।