इंदौर। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपने विवादास्पद बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वे महिला पार्षद की बॉडी शेमिंग करने के आरोप में घिरे हैं। विजयवर्गीय ने अपनी ही पार्टी की एक महिला पार्षद की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी। इसे लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने उनकी तीखी आलोचना की है।

दरअसल, रविवार को इंदौर के वार्ड नंबर 6 में करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए थे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने शुरुआती भाषण के दौरान महिला पार्षद संध्या यादव की सक्रियता और उनके काम की तारीफ की। इसी दौरान उनकी नजर मंच पर मौजूद इंदौर विधानसभा क्रमांक-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया पर पड़ी।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि भोले भंडारी महेंद्र जी, आप तो नजर ही नहीं आए। इसके बाद उन्होंने कहा कि अच्छा, आप पार्षद के पीछे बैठे थे। इसी दौरान महिला पार्षद संध्या यादव का नाम लेते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उनकी बॉडी को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दीदी की भी चौड़ाई बढ़ गई है थोड़ी सी। मंत्री की टिप्पणी के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंसी के ठहाके सुनाई दिए। वीडियो में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी इस टिप्पणी के बाद हंसते हुए नजर आ रहे हैं।

इस वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर करारा प्रहार किया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रवि वर्मा ने कहा कि महिलाओं के शरीर पर टिप्पणी करना अगर भाजपा नेताओं के लिए मजाक है, तो जनता को समझना होगा कि उनके ‘महिला सम्मान’ के नारों के पीछे असली सोच क्या है। क्योंकि मुद्दा संध्या यादव जी की ‘चौड़ाई’ नहीं, कैलाश विजयवर्गीय की वास्तविक सोच की है।।किसी महिला के शरीर पर सार्वजनिक मंच से टिप्पणी करना बताता है कि महिलाओं को सम्मान देने की बातें और महिलाओं को देखने की मानसिकता दो अलग चीजें हैं।