ग्वालियर। मध्य प्रदेश का ग्वालियर शहर गंदगी और कचरों के ढेर के लिए जाना जाता है। ग्वालियर को स्वच्छ बनाने के लिए अब नगर निगम ने अनोखी योजना लाई है। इस स्कीम के तहत आप कचरे का फोटो भेजकर पैसे कमा सकते हैं। सोमवार से नगर निगम इस स्कीम का औपचारिक ऐलान करेगी।

दरअसल, शहरवासियों को अपने मोबाइल से कचरे के का ढेर और उस पर कचरा फेंकते लोगों का फाेटाे और वीडियो बनाना होगा। इसे स्थान का नाम और वार्ड क्रमांक के साथ नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन (SBM) सेल के वॉट्सऐप नंबर 9406915779 पर भेजना होगा। ऐसा करने वालों को निगम की ओर से इनाम के तौर पर 51 रुपए दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: MP विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से शुरू, पंचायत चुनाव के मुद्दे पर हो सकता है हंगामा

बताया जा रहा है की तस्वीर भेजने वालों को यह राशि फाेन-पे, गूगल-पे और पेटीएम के जरिए मिलेगी। वहीं इसका हर्जाना नगर निगम वार्ड अधिकारी और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी से 101 रुपए वसूला जाएगा। बता दें कि गंदगी के खिलाफ नगर निगम के इस अभियान का नाम स्वच्छता प्रोत्साहन अभियान रखा गया है।

स्वच्छता के संबंध में इंदौर में किए जा रहे प्रयोग एवं नगर निगम के काम के तरीकों को समझने और सीखने के लिए ग्वालियर नगर निगम की 12 सदस्यीय टीम शनिवार को इंदौर पहुंची है।