भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी उपचुनावों के मद्देनज़र कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। नेपानगर विधानसभा सीट से विधायक सुमित्रा देवी कासदेकर ने कांग्रेस की विधायकी छोड़ दी है। सुमित्रा देवी ने विधानसभा की सदस्यता से अपना त्याग पत्र दे दिया है।
बुरहानपुर ज़िले के अंतर्गत आने वाली नेपानगर सीट से 35 वर्षीय सुमित्रा ने सिटिंग एमएलए मांजू राजेंद्र दादू को करीबी मुकाबले में 1264 वोटों से मात दी थी। सुमित्रा देवी ने 8 वीं तक की शिक्षा ग्रहण की है।        

अब 26 सीटों पर होंगे उपचुनाव 
सुमित्रा देवी के कांग्रेस छोड़ कर जाना कांग्रेस की मुश्किलों को बढ़ाने का काम करेगा। प्रदेश में पहले 24 सीटों पर चुनाव होने वाले थे। लेकिन पहले लोधी और अब सुमित्रा देवी के कांग्रेस छोड़ने से विधानसभा में दो अतिरिक्त सीटें रिक्त हो गई हैं। जिस वजह से प्रदेश में अब 26 सीटों पर चुनाव होंगे।

कांग्रेस के पास अब केवल 90 विधायक 
प्रद्युम्न सिंह लोधी और अब सुमित्रा देवी के पार्टी से विदा लेने के बाद कांग्रेस के पास अब केवल 90 विधायक ही बचे हैं। वहीं सत्ताधारी दल बीजेपी के पास 107 विधायक हैं। 4 निर्दलीय विधायक बीजेपी को समर्थन दे रहे हैं। तो वहीं एसपी और बीएसपी के कुल तीन विधायक कांग्रेस का समर्थन दे रही हैं। उपचुनाव के बाद कांग्रेस को अगर अपने दम पर सत्ता में वापसी करनी है, तो उसे अब कम से कम 23 सीटें अपने नाम करनी होंगी।