जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रानीताल के पास लंबे समय से बंद पड़ी BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री में बुधवार को पुराने भवन को गिराने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर इमारत की ऊंची दीवार अचानक ढह गई और उसके नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। मलबे में फंसे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर में कार्यालय के अलावा कर्मचारियों के लिए बनाए गए आवासीय भवन भी लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं थे। देखरेख के अभाव में इनकी हालत काफी खराब हो चुकी थी और पुराने निर्माण को हटाने का काम चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे 10 से ज्यादा मजदूर इसी काम में जुटे थे। इसी दौरान एक पुरानी ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

यह भी पढ़ें:IIT इंदौर में AI से पढ़ा जा रहा दिमाग, EEG सिग्नल्स के जरिए हो रही ब्रेन हेल्थ पर रिसर्च

घटना की जानकारी मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस के साथ नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। जांच के दौरान दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। रेस्क्यू टीम यह भी सुनिश्चित करने में जुटी रही कि मलबे के नीचे कोई अन्य मजदूर फंसा न हो।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पुरानी दीवार कमजोर हो गई थी। बताया गया कि मजदूर भवन के ऊपरी हिस्से पर चढ़कर दीवार को तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दीवार का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गई। हादसे के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने मौके पर राहत एवं बचाव का काम जारी रखा। घटनास्थल पर मीडिया भी पहुंचा लेकिन फैक्ट्री के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी। पुलिस अब हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:पिपरिया में कार से टकराकर पलटी बस, 30 यात्री घायल, 15 की हालत गंभीर