भोपाल। विधानसभा चुनाव से ठीक तीन महीने पहले कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बड़ा फेरबदल किया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में अपना प्रभारी बदल दिया है। पार्टी ने जेपी अग्रवाल को हटाकर उनकी जगह अब रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया है। 



एआईसीसी ने गुरुवार को प्रेस स्टेटमेंट जारी कर बताया है कि मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी और रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी ने गुजरात में रघु शर्मा और मध्य प्रदेश में जेपी अग्रवाल के योगदान के लिए सराहना की है। जेपी अग्रवाल को पिछले साल सितंबर में मध्य प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया था।





बता दें कि कांग्रेस ने इसी महीने वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश का सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया था। अब उनके पास स्टेट इंचार्ज का अतिरिक्त दायित्व होगा। इससे पहले सुरजेवाला कर्नाटक के भी प्रभारी थे और राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज की थी। कर्नाटक की जीत दोहराने के लिए उन्हें अब मिशन मध्य प्रदेश पर भेजा गया है। सुरजेवाला राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते हैं और प्रदेश कांग्रेस के दोनों सीनियर नेताओं कमलनाथ-दिग्विजय सिंह से भी उनके मधुर संबंध हैं।