पंजाब के मलेरकोटला में 2 पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों युवक भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहे थे। इसके बदले में इन्हें ऑनलाइन पेमेंट मिल रहा था। इस बात की पुष्टि पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव ने भी की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से 2 मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

मलेरकोटला से पकड़े जासूसों को लेकर पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव ने कहा कि मलेरकोटला पुलिस ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी से जुड़े 2 जासूसों को गिरफ्तार कर लिया गया है। खुफिया जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध को भारतीय सेना की गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान स्थित हैंडलर को लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान किए गए खुलासे के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान की गई और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी गोपनीय जानकारी के बदले ऑनलाइन भुगतान प्राप्त कर रहे थे। वे हैंडलर के साथ लगातार संपर्क में थे और उसके निर्देशों के अनुसार अन्य स्थानीय युवकों के साथ मिलकर गतिविधियां नोट करते थे। आरोपियों से पुलिस ने 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ देश विरोधी गतिविधि करने की FIR दर्ज कर ली गई है।

उधर, जालंधर में सेना की वर्दी में 4 संदिग्ध लोग देखे गए हैं। चारों लोग मंदिर के बाहर पहुंचे और गेट खटखटाया। जब पुजारी गेट पर आए तो संदिग्धों ने पीने के लिए पानी मांगा। इसके बाद उन्होंने खाने का इंतजाम करने की बात कही। जब पुजारी फोन कर खाना मंगाने लगे तो चारों वहां से भाग गए।

शक होने पर पुजारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और CCTV फुटेज भी खंगाले, लेकिन चारों लोगों का कुछ पता नहीं चला। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।