आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास उफनते नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले थे और उज्जैन से मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा आए थे।

आगर मालवा के एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि मंदिर के पास एक कार पानी में डूबी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद कार को नाले से बाहर निकाला गया लेकिन उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें:इंदौर में आज छात्रों की गूंज सुनने आ रहे राहुल गांधी, शहर में भारी वाहनों और बसों की एंट्री बंद

पुलिस के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। हालांकि, हादसा किस समय हुआ यह अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाले में बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। आशंका है कि चालक ने इसी तेज बहाव के बीच जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश की थी। जिसके बाद कार पानी में बह गई।

एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक, कार अंदर से बंद थी। इसी वजह से उसमें मौजूद लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू के दौरान वाहन के अंदर से आठ शव मिले। इनमें तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका सख्त, ट्रम्प ने 100 फीसदी टैरिफ वाला बिल साइन किया

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक सभी ओडिशा के निवासी थे। वे उज्जैन आए हुए थे और वहां से नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बारिश के कारण उफन रहे नाले को पार करते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

मध्य प्रदेश में इससे पहले अगस्त में बैतूल जिले में भी एक गंभीर कार दुर्घटना हुई थी। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि, छह लोग घायल हुए थे। यह दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे हुई थी। नलखेड़ा हादसे में पुलिस की शुरुआती जांच का केंद्र नाले में आया तेज बहाव और कार के अंदर लोगों के फंसे रहना है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के MY हॉस्पिटल का सर्वर डाउन, ओपीडी पर्ची के लिए घंटों भटकते रहे मरीज