इंदौर में आज छात्रों की गूंज सुनने आ रहे राहुल गांधी, शहर में भारी वाहनों और बसों की एंट्री बंद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर के दौरे पर रहेंगे। वे 7 घंटे शहर में रुककर छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक का नया रूट मैप जारी कर कई रास्ते बंद किए हैं।

Updated: Sep 19, 2026, 01:51 PM IST

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर के दौरे पर रहेंगे। वे करीब सात घंटे शहर में रुकेंगे और छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए कांग्रेस ने स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर प्रतिबंध और वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की है। यह ट्रैफिक प्लान दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। जरूरत पड़ने पर यातायात की स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।

राहुल गांधी दोपहर करीब 1:30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक पहुंचने के दौरान उनका पांच स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के अनुसार, स्वागत के प्रमुख स्थानों में एयरपोर्ट के अलावा लवकुश चौराहा, एमआर-10 चौराहा, विजय नगर चौराहा और रेडिसन के पास का क्षेत्र शामिल है।

यह भी पढ़ें:रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका सख्त, ट्रम्प ने 100 फीसदी टैरिफ वाला बिल साइन किया

रेडिसन होटल पहुंचने के बाद राहुल गांधी शाम करीब 5 बजे भारत जोड़े मैदान के लिए रवाना होंगे। यह मैदान रीजनल पार्क के सामने स्थित है जहां छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वे कार्यक्रम स्थल पर करीब साढ़े तीन घंटे रहेंगे। हालांकि, मंच पर उनकी मौजूदगी लगभग एक घंटे की रहेगी। कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे रात करीब 9 बजे इंदौर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

राहुल गांधी के दौरे के दौरान पुलिस ने शहर के कई हिस्सों में भारी वाहनों, बसों और व्यावसायिक एवं लोडिंग वाहनों की आवाजाही सीमित की है। राऊ चौराहा से राजेंद्र नगर तिराहा, नर्मदा नगर चौराहा से राजेंद्र नगर ब्रिज, गोपुर चौराहा से चाणक्यपुरी चौराहा, बिजलपुर फाटा से चोइथराम चौराहा और बिजलपुर चौराहा से केसरबाग की ओर ऐसे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:इंदौर के MY हॉस्पिटल का सर्वर डाउन, ओपीडी पर्ची के लिए घंटों भटकते रहे मरीज

इसी तरह आवासा चौराहा से चाणक्यपुरी ब्रिज, चाणक्यपुरी चौराहा से चाणक्यपुरी ब्रिज/चोइथराम मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर यानी माणिकबाग चौराहा से चोइथराम चौराहा, तीन इमली चौराहा से आईटी पार्क चौराहा, तेजाजी नगर चौराहा से आईटी पार्क चौराहा और देवगुराड़िया चौराहा से तीन इमली चौराहा की ओर भी भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। रेडिसन चौराहे की ओर जाने वाले भारी वाहन और बसें भी प्रभावित रहेंगी। इन मार्गों पर सिटी बसों को छोड़कर अन्य कंपनी बसों और सभी प्रकार की बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान आम चार पहिया वाहनों के लिए भी कुछ मार्ग बंद रहेंगे। चोइथराम चौराहा से कार्यक्रम स्थल, गड़बड़ी पुलिया (शिव स्क्वायर/बिजलपुर कट) से चोइथराम, राजीव गांधी चौराहा से चोइथराम चौराहा की तरफ चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा त्रिप्ता ढाबा चौराहा से राजीव गांधी चौराहा की ओर भी जरूरत के अनुसार प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भंवरकुआं चौराहा से भोलाराम उस्ताद मार्ग होते हुए राजीव गांधी चौराहा तक का मार्ग भी चार पहिया वाहनों के लिए प्रभावित रहेगा।

यह भी पढ़ें:राज्यपाल मंगूभाई पटेल को हटाने की याचिका MP हाईकोर्ट ने की खारिज, उत्तराधिकारी आने तक पद पर बने रहेंगे

ट्रैफिक व्यवस्था के तहत राऊ की तरफ से शहर आने वाले वाहन राजेंद्र नगर ब्रिज, नर्मदा चौराहा और गोपुर चौराहा होते हुए आगे जा सकेंगे। बिजलपुर की ओर से आने वाले वाहनों को राजेंद्र नगर थाना चौराहा, राजेंद्र नगर ब्रिज और नर्मदा चौराहा का रास्ता अपनाने की सलाह दी गई है। आवासा चौराहा की तरफ से आने वाले वाहन किमी नंबर 103 से बाएं मुड़कर चाणक्यपुरी ब्रिज और चाणक्यपुरी चौराहा होते हुए शहर की ओर जा सकेंगे। 

आईटी पार्क की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए त्रिप्ता ढाबा, पिपल्याराव गुरुद्वारा, भोलाराम उस्ताद मार्ग, दीनदयाल उपाध्याय नगर निगम जोनल कार्यालय क्रमांक-13, विष्णुपुरी, आदित्य नगर और खातीवाला टैंक होकर शहर जाने का विकल्प रहेगा। वहीं, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पलासिया, राजकुमार ब्रिज और मरीमाता चौराहा होते हुए एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।

राजेंद्र नगर चौराहा से चंदन नगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चंदन नगर चौराहा, फूटी कोठी चौराहा, गोपुर चौराहा, नर्मदा चौराहा और आरआर कैट चौराहा वाला मार्ग इस्तेमाल करना होगा। राऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन पीथमपुर टी, रंगवासा चौराहा और आरआर कैट चौराहा होकर आवागमन कर सकेंगे। वहीं, तेजाजी नगर और देवगुराड़िया की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कार्यक्रम खत्म होने तक शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:MP के पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपए से ज्यादा का UPI भुगतान नहीं होगा, ज्यादा बिल पर करना होगा कैश पेमेंट

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और ट्रैफिक डायवर्जन के अनुसार वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल और राहुल गांधी के काफिले वाले मार्गों पर अनावश्यक यातायात दबाव से बचने के लिए लोगों को भीड़ वाले क्षेत्रों में वाहन लाने से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर पीक एंड ड्रॉप और किराये के दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हालांकि, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस तथा अन्य अति आवश्यक सेवाओं के वाहनों पर ये प्रतिबंध लागू नहीं होंगे।