रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम पुदर सलैया में रतनजोत के जहरीले बीज खाने से करीब 18 बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 15 बच्चों का इलाज सिविल अस्पताल सिलवानी में चल रहा है। जबकि, तीन बच्चों को प्रतापगढ़ में उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी के अनुसार, गांव के स्कूल के पास रतनजोत का पौधा लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चों ने इसी पौधे के बीज खा लिए थे। कुछ ही देर बाद एक एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आने पर गांव में अफरा तफरी मच गई थी।

यह भी पढ़ें:विदिशा में प्रिंसिपल ने बच्ची को उठाकर फेंका, झूठे केस में फंसाने की दी धमकी, वीडियो वायरल

घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से प्रभावित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल सिलवानी में डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, तीन बच्चों को प्रतापगढ़ में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।

सिविल अस्पताल के डॉक्टर राहुल धाकड़ ने बताया कि भर्ती सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल ठीक है। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उपचार के दौरान जरूरत महसूस होने पर ही किसी बच्चे को दूसरे अस्पताल रेफर करने का फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:नरसिंहपुर में मिड डे मील खाने से 45 बच्चे बीमार, 2 दिन पुराने आटे से बनाई थी पूरियां

घटना के बाद स्कूल परिसर के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्कूल के नजदीक जहरीले बीज वाला पौधा कैसे मौजूद था और बच्चों को उसके खतरों की जानकारी क्यों नहीं थी इसकी पड़ताल जरूरी है। फिलहाल सभी प्रभावित बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।