विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक सरकारी स्कूल के संकुल प्राचार्य पर तीन साल की बच्ची के साथ मारपीट करने और उसके पिता को हत्या के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामला ग्यारसपुर तहसील के धामनोद स्थित शासकी9य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। घटना का करीब एक महीने पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है।
आरोपों के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ संकुल प्राचार्य कमल सिंह मीणा ने 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा को सरकारी योजना के तहत मिलने वाली स्कूटी और लैपटॉप का लाभ जल्द दिलाने के बदले रिश्वत मांगी थी। गांव के युवक खुमान सिंह ने इस बातचीत का वीडियो बना लिया था।
यह भी पढ़ें:नरसिंहपुर में मिड डे मील खाने से 45 बच्चे बीमार, 2 दिन पुराने आटे से बनाई थी पूरियां
खुमान सिंह का आरोप है कि वीडियो सामने आने के डर से प्राचार्य लगातार उसे डिलीट करने का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। युवक के अनुसार, जब उसने वीडियो हटाने से इनकार किया तो प्राचार्य ने स्कूल परिसर में खेल रही उसकी तीन साल की बेटी को उठाकर फेंक दिया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें प्राचार्य बच्ची को उठाकर फेंकते दिखाई दे रहे हैं।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य ने बच्ची को जान से मारने और उसे हत्या के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। खुमान सिंह का कहना है कि डर के कारण उसने रिश्वत मांगने से जुड़ा वीडियो डिलीट कर दिया था। अब उसने पूरे मामले की जानकारी मीडिया को दी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टीम गठित कर घटना और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कराने की बात कही है। फिलहाल जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।